चारधाम यात्रा के बीच बद्रीनाथ हाईवे पर वाहन चेकिंग, ‘पुलिस सीआईडी’ बोर्ड लगाकर घूम रहा युवक पकड़ाया

चारधाम यात्रा के बीच बद्रीनाथ हाईवे पर वाहन चेकिंग, ‘पुलिस सीआईडी’ बोर्ड लगाकर घूम रहा युवक पकड़ाया

चमोली

चारधाम यात्रा के दौरान यातायात और सुरक्षा को लेकर सतर्क उत्तराखंड पुलिस ने बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में पीपलकोटी के बिरही क्षेत्र में यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने वाहनों की जांच के दौरान एक शक़ास्पद वाहन को रोका।

वाहन पर ‘पुलिस सीआईडी’ का बोर्ड लगा हुआ था, जिसे देखकर उपनिरीक्षक योगेश सक्सेना और लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण की टीम ने उसे जांच के लिए रोका। पूछताछ में चालक ने बताया कि यह बोर्ड उसके पिता का है, जो उस समय वाहन में मौजूद नहीं थे। नियमों के अनुसार, यदि अधिकारी स्वयं वाहन में न हो तो इस प्रकार के अधिकारिक पहचान बोर्ड का प्रयोग अवैध माना जाता है।

पुलिस ने मौके पर ही बोर्ड को हटाया और चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान कर विधिसम्मत कार्रवाई की। साथ ही चालक को भविष्य में इस तरह की गलत सूचना और भ्रम फैलाने वाले व्यवहार से बचने की चेतावनी दी गई।

उत्तराखंड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान सभी यात्रियों और वाहनों की निगरानी सख्ती से की जा रही है और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि या प्रशासनिक दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।