

देहरादून
सचिन कुमार


उत्तराखंड में चार धाम यात्रा का शुभारंभ हो चुका है और इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UKADA) ने अपनी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ लेने वाले यात्रियों के साथ किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी न हो, इसके लिए विभाग ने https://heliyatra.irctc.co.in/ वेबसाइट को अधिकृत बुकिंग प्लेटफॉर्म घोषित किया है।



UKADA के महाप्रबंधक दयानंद सरस्वती ने बताया कि “यात्रियों को केवल सरकारी पोर्टल के माध्यम से ही हेलीकॉप्टर की बुकिंग करनी चाहिए। इस वेबसाइट का प्रचार-प्रसार समाचार पत्रों व अन्य माध्यमों से किया जा चुका है। हमारा उद्देश्य है कि कोई भी यात्री किसी फर्जी वेबसाइट या दलाल के चंगुल में न फंसे।”


उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए साइबर सेल और एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) सतर्क हैं और लगातार निगरानी रखे हुए हैं। विभाग की निगरानी में यात्रियों को सुरक्षित और सहज हवाई यात्रा का अनुभव देने की पूरी व्यवस्था की गई है।


उत्तराखंड में कुल 9 हेलीपैड हैं और प्रतिदिन करीब 1400 यात्री इन हेलीपैड्स से चार धाम यात्रा कर रहे हैं।
वर्तमान में प्रमुख हेलीपैड स्थानों की सूची इस प्रकार है:
- सिरसी – 3 हेलीपैड
- गुप्तकाशी – 2 हेलीपैड
(अन्य हेलीपैड की जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी)

UKADA की इस पहल से न केवल यात्रियों को धोखाधड़ी से सुरक्षा मिलेगी, बल्कि हेलीकॉप्टर यात्रा की प्रक्रिया भी पारदर्शी और सुविधाजनक बनी रहेगी। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत वेबसाइट से ही बुकिंग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।



