चारधाम यात्रा को लेकर भक्तों में उत्साह, केदारनाथ में चौथे दिन ही दर्शनार्थियों की संख्या एक लाख पार

चारधाम यात्रा को लेकर भक्तों में उत्साह, केदारनाथ में चौथे दिन ही दर्शनार्थियों की संख्या एक लाख पार

स्थान : केदारनाथ

देवभूमि उत्तराखंड। इस वर्ष की चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखा जा रहा है। खासकर केदारनाथ धाम में भारी भीड़ उमड़ रही है। यात्रा के केवल चार दिनों में ही केदारनाथ में दर्शनार्थियों की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक कुल 1,05,879 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। सोमवार को अकेले 26,180 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जिससे यह आंकड़ा और भी प्रभावशाली बन गया है।

गौरतलब है कि 30 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट खुलने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का शुभारंभ हुआ। इसके बाद 2 मई को केदारनाथ और 4 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा यात्रा के लिए की गई व्यवस्थित तैयारियों और बेहतर प्रबंधन के चलते इस बार यात्रा का संचालन सुचारू रूप से हो रहा है। कठिन मार्ग और ऊंचाई के बावजूद केदारनाथ यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनी हुई है।

यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, रुकने की व्यवस्था और मार्गदर्शन केंद्रों की व्यवस्था बेहतर होने से श्रद्धालु संतुष्ट नजर आ रहे हैं।