हल्द्वानी में नकली ड्रिंक फैक्ट्री का भंडाफोड़, बच्चों की सेहत से हो रहा था खिलवाड़

हल्द्वानी में नकली ड्रिंक फैक्ट्री का भंडाफोड़, बच्चों की सेहत से हो रहा था खिलवाड़

स्थान-हल्द्वानी

रिपोर्टर- रिहान ख़ान

गौजलाली, हल्द्वानी में नकली ड्रिंक फैक्ट्री पर छापा, बच्चों की सेहत से खिलवाड़ का खुलासा
अवैध फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली पेय पदार्थ और हानिकारक केमिकल बरामद, प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई

हल्द्वानी। गौजलाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एसडीएम राहुल शाह और नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने गुप्त सूचना के आधार पर एक नकली रसना और बच्चों के लिए ड्रिंक बनाने वाली अवैध फैक्ट्री पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में अवैध रूप से नकली ड्रिंक्स का उत्पादन और पैकिंग का कार्य जारी था।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को भारी मात्रा में तैयार नकली पेय पदार्थ, पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली पॉलिथीन और बच्चों की सेहत के लिए खतरनाक रसायन बरामद हुए। जांच में पाया गया कि इन ड्रिंक्स में इस्तेमाल होने वाले केमिकल मानकों के अनुरूप नहीं हैं और ये स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हो सकते हैं।

एसडीएम राहुल शाह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से सील करने के निर्देश दिए और संचालकों के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने कहा, “इस तरह की अवैध गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि बच्चों की जान को भी खतरे में डालती हैं। ऐसी फैक्ट्रियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग प्रशासन की तत्परता की सराहना कर रहे हैं।