पहल्गाम नरसंहार के विरोध में झबरेड़ा में कैंडल मार्च, पाकिस्तान के खिलाफ फूटा आक्रोश

पहल्गाम नरसंहार के विरोध में झबरेड़ा में कैंडल मार्च, पाकिस्तान के खिलाफ फूटा आक्रोश

टॉप – रुड़की
संवाददाता – प्रवेश राय

झबरेड़ा, 25 अप्रैल।
जम्मू-कश्मीर के पहल्गाम में हुए आतंकी हमले और निर्दोष नागरिकों की हत्या के विरोध में झबरेड़ा विधानसभा के गाँव उद्धार हेड़ी में पूर्व राज्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आदित्य राणा के नेतृत्व में एक विशाल कैंडल मार्च निकाला गया। यह मार्च गाँव के रविदास मंदिर से शुरू होकर शिव मंदिर तक शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया गया।

मार्च में झबरेड़ा चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. गौरव चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। इस दौरान पाकिस्तान के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला और उपस्थित लोगों ने हमले की घोर निंदा करते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पूर्व राज्यमंत्री आदित्य राणा ने केंद्र सरकार पर सवाल खड़े करते हुए कहा, “जब हमारे पास राफेल जैसे आधुनिक युद्धक विमान हैं, तो उनका उपयोग कब किया जाएगा?” उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि भारत को अपने आधुनिक हथियारों का प्रयोग कर पाकिस्तान को करारा जवाब देना चाहिए।

वहीं, डॉ. गौरव चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “अब हमें एक के बदले सौ सिर चाहिए।” उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी और आम नागरिक देश की सुरक्षा के लिए हर कदम पर सरकार के साथ हैं।

मार्च के अंत में शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संकल्प लिया गया।