

- स्थान: चंपावत
- रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट
चंपावत जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय देहरादून की ओर से दो दिवसीय पासपोर्ट मोबाइल वैन कैंप का आयोजन किया गया। मंगलवार से शुरू हुए इस कैंप के पहले दिन 47 लोगों ने पासपोर्ट पंजीकरण कराया।



इस मोबाइल कैंप का आयोजन पहली बार चंपावत में किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में लोग अपने शैक्षिक दस्तावेजों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और पंजीकरण प्रक्रिया में भाग लिया।


स्थानीय लोगों को मिली बड़ी राहत
अब तक चंपावत और आसपास के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए देहरादून तक की यात्रा करनी पड़ती थी, लेकिन इस पहल से उन्हें अपने जिले में ही पासपोर्ट प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा मिल रही है। जिला प्रशासन और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय देहरादून के संयुक्त प्रयासों से यह सुविधा संभव हो सकी है।



प्रत्येक दिन 50 आवेदकों के पंजीकरण का लक्ष्य
इस दो दिवसीय कैंप के दौरान हर दिन 50-50 आवेदकों के पंजीकरण का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन 47 लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया, और उम्मीद है कि दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में लोग पंजीकरण कराएंगे।


एक सराहनीय कदम
स्थानीय निवासियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने इस पहल को एक सराहनीय और जनहितकारी कदम बताया है। इस प्रयास से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आर्थिक रूप से भी लोगों को राहत मिलेगी।


