
स्थान: चंपावत
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत इन दिनों अपने दो दिवसीय चंपावत दौरे पर हैं। मंगलवार को उन्होंने न्याय के देवता गोलू देवता के मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की शांति, खुशहाली और न्याय की कामना की। इस दौरान उन्होंने भाजपा के खिलाफ न्याय की अर्जी लगाते हुए तीखे हमले बोले।


हरीश रावत ने कहा कि 2017 में भाजपा ने उनके खिलाफ झूठ फैलाया कि उन्होंने जुम्मे की छुट्टी की घोषणा की थी, और 2022 में कांग्रेस के सत्ता में आने पर मुस्लिम यूनिवर्सिटी खुलवाने की अफवाह फैलाई गई। उन्होंने भाजपा से पूछा कि वे दिखाएं, ऐसा कोई सरकारी आदेश कब और कहां जारी हुआ था।


पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता का ध्यान भटकाने के लिए धर्म की राजनीति कर रही है, जबकि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने भाजपा की तुलना उस शेर से की जिसे जनता ने वरदान देकर बनाया लेकिन अब वही शेर जनता को ही खाने को दौड़ रहा है।

रावत ने कहा कि वह अब गोलू देव, घोड़ाखाल, आदि कैलाश और प्रदेश के सभी देवी-देवताओं के दरबार में न्याय की गुहार लगाएंगे।

पूजा के बाद उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली और भाजपा की नीतियों के खिलाफ एकजुट संघर्ष का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष पूरन सिंह कठायत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
