

स्थान -खटीमा उधम सिंह नगर
रिपोर्ट -अशोक सरकार

तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी के अंतर्गत खटीमा उपप्रभाग के नेपाल बॉर्डर स्थित वन मोहलिया मेला घाट क्षेत्र में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विभाग ने आम की लकड़ी से लदा एक ट्रक (नंबर UK06CB 0248) को पकड़ कर अपने कब्जे में लिया है।



इस संबंध में उपप्रभागीय वनाधिकारी खटीमा सचिता वर्मा ने जानकारी दी कि उन्हें सूचना प्राप्त हुई थी कि नेपाल बॉर्डर के समीप एक संदिग्ध ट्रक आम की लकड़ियों के साथ आ रहा है। सूचना मिलते ही विभाग ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर ट्रक को जब्त कर लिया।


प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि ट्रक आम की लकड़ी से भरा हुआ था, जिसकी तस्करी की जा रही थी। विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि यह लकड़ी कहां से लाई जा रही थी और इसका गंतव्य क्या था।

उपप्रभागीय वनाधिकारी वर्मा ने बताया कि ट्रक चालक और अन्य लोग मौके से भाग निकले हैं। विभाग द्वारा उनकी तलाश जारी है और जल्द ही तस्करों की पहचान कर ली जाएगी।


उन्होंने यह भी कहा कि प्राथमिक जांच के आधार पर यह आशंका जताई जा रही है कि लकड़ी नेपाल से भारत में लाई जा रही थी। यह चिंता का विषय है कि भारत-नेपाल सीमा पर फोर्स की तैनाती के बावजूद तस्करी जैसी गतिविधियां जारी हैं।
वन विभाग मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्रिम कार्रवाई में जुटा है, और दोषियों को जल्द पकड़ने का भरोसा जताया गया है।




