

विकासनगर में ईद के दिन गौवंश अवशेष मिलने पर बवाल, हिंदू संगठनों ने किया उग्र प्रदर्शन
विकासनगर। ईद के दिन विकासनगर में गौवंश के अवशेष मिलने की घटना से हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज बजरंग दल व अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हरबर्टपुर में सड़क पर अवशेष रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और चौराहे को जाम कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है, लेकिन प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति बनी हुई है।


मुख्य राजमार्ग जाम, शहर में दहशत का माहौल
गौवंश के अवशेष मिलने की खबर फैलते ही प्रदर्शनकारियों ने मुख्य राजमार्ग सहित कई सड़कों को जाम कर दिया। व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। लोगों में भय और असुरक्षा की भावना है, वहीं हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।


पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प
प्रदर्शन को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।


गौ हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हिंदू संगठन
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक गौवंश हत्या में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। हिंदू संगठनों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


प्रशासन ने की शांति बनाए रखने की अपील
तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


