


रिपोर्टर – राजू सहगल

स्थान -किच्छा

टायर खरीदने के बाद आरटीजीएस के माध्यम से पेमेंट भेजने का झांसा देकर व्यापारियों के साथ धोखाधड़ी एवं ठगी करने वाले गिरोह का पुलभट्टा पुलिस में खुलासा कर दिया। पुलिस ने गिरोह में शामिल 3 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 8 लाख कीमत के 16 नए टायर तथा 6 एटीएम कार्ड बरामद कर लिए। पकड़े गए आरोपियों द्वारा आसपास क्षेत्र में कई व्यापारियों के साथ ठगी किए जाने का मामला भी प्रकाश में आया है। पुलिस ने गिरोह में शामिल रुद्रपुर में ग्रीन रेफ्रिजरेशन की दुकान चलाने वाले एक व्यापारी को भी गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस में तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार पुलभट्टा थाना अंतर्गत वार्ड 20, सिरौली कला निवासी मोहम्मद जावेद पुत्र रफीक ने सूचना दर्ज कराई थी कि विगत 28 अप्रैल को एचपी पेट्रोल पंप के निकट स्थित उसकी दुकान पर राहुल शर्मा एवं सुलेमान नामक दो व्यक्ति पहुंचे थे और फर्जी खाता नंबर देकर आरटीजीएस करने की बात कहकर अपोलो कंपनी के 6 नए टायर ले गए और लगातार रुपए मांगने के बावजूद भी पैसे नहीं दिए। दुकान स्वामी मोहम्मद जावेद के अनुसार आरोपियों ने धोखाधड़ी करने के साथ ही अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया था जिसके चलते उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया। जावेद की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी ओम प्रकाश शर्मा के दिशा निर्देशन में टीम का गठन करते हुए टायरों की बरामदगी एवं घटना का जल्द अनावरण करने के निर्देश जारी किए।


पुलभट्टा थाना परिसर में मामले का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच के दौरान पता चला कि राहुल शर्मा एवं सुलेमान उर्फ सलमान नामक आरोपियों द्वारा नाम बदलकर अलग-अलग व्यापारियों के साथ से टायर खरीद कर उन टायरों को ओने पौने दामों में ट्रक मालिकों तथा अन्य लोगों को बेचा जाता है तथा गिरोह में माल को बेचने का काम तीसरा साथी मनोज गाबा करता है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान प्रकाश में आया कि आरोपियों द्वारा क्षेत्र में कई वारदातों को अंजाम दिया गया है तथा संबंधित थाने में दर्ज रिपोर्ट के बाद पुष्टि हुई है कि आरोपियों का एक गिरोह इस तरह के अपराध को अंजाम देता है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तीन पानी तिराहे के पास मलिक कॉलोनी में तस्लीम खान के खाली प्लाट से क्षेत्र से धोखाधड़ी कर ले जाए गए अपोलो कंपनी के 6 टायर तथा सिएट कंपनी के 6 टायर एवं रुद्रपुर के व्यापारी के चार छोटे टायर बरामद कर लिए। पुलिस ने धोखाधड़ी में शामिल गली नंबर 9, रामपुर रोड सरगम टॉकीज के निकट, थाना हल्द्वानी, जिला नैनीताल तथा वर्तमान में आवास विकास रूद्रपुर निवासी राहुल शर्मा, ग्राम बघौरी, थाना सितारगंज निवासी सलमान उर्फ सुलेमान तथा ग्राम भैंसिया, थाना गदरपुर जिला उधम सिंह नगर निवासी मनोज गाबा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 एटीएम कार्ड भी बरामद कर कब्जे में ले लिया। मौके पर एसपी सिटी मनोज कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी ओम प्रकाश शर्मा, पुलभट्टा थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट सहित तमाम पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


