
स्थान : ऊधम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट

परिवहन विभाग ने वाहन स्क्रैपिंग केंद्रों में निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), देहरादून संभाग संदीप सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने भगवानपुर के सिकंदरपुर भैंसवाल स्थित मैसर्स आर.ए.जी. इंजन्स प्राइवेट लिमिटेड के वाहन स्क्रैपिंग केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर केंद्र के संचालन पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गई है।

निरीक्षण के दौरान एआरटीओ प्रशासन हरिद्वार निखिल शर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन रुड़की कृष्ण पलड़िया और एआरटीओ प्रशासन रुड़की जितेंद्र चंद मौजूद रहे। अधिकारियों ने केंद्र में उपलब्ध मशीनों, तकनीकी उपकरणों, कर्मचारियों, पर्यावरणीय मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।





जांच के दौरान केंद्र संचालक निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यरत कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध नहीं करा सका। केंद्र में अधिकांश आवश्यक मशीनें उपलब्ध नहीं मिलीं, जबकि मौजूद मशीनों में से कई पिछले कुछ महीनों से बंद बताई गईं। आवश्यक तकनीकी एवं प्रशिक्षित कर्मचारियों का भी अभाव पाया गया।


निरीक्षण में वाहनों से निकलने वाले तेल, ईंधन और अन्य हानिकारक तरल पदार्थों के सुरक्षित भंडारण एवं निस्तारण की व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां पाई गईं। इसके अलावा बैटरी, एसी गैस और इलेक्ट्रॉनिक अपशिष्ट के प्रबंधन की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली।



परिवहन विभाग की टीम को केंद्र में वाहन उठाने वाली लिफ्ट भी क्रियाशील नहीं मिली। अग्निशमन उपकरणों और अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी अभाव पाया गया। परिसर में स्क्रैप सामग्री और टूटे हुए शीशे अव्यवस्थित तरीके से जमीन पर बिखरे मिले, जिससे कर्मचारियों की सुरक्षा को संभावित खतरा बना हुआ था।
निरीक्षण के दौरान वाहन स्क्रैपिंग, सामग्री के भंडारण और अपशिष्ट निस्तारण से संबंधित आवश्यक अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए गए। मौके पर मौजूद कर्मचारी और श्रमिक केंद्र के संचालन तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।




पर्यावरण और जनसुरक्षा को संभावित खतरे के मद्देनजर परिवहन विभाग ने केंद्र में वाहन स्क्रैपिंग, वाहनों के विखंडन और अन्य संचालन संबंधी गतिविधियों को अग्रिम निर्देशों तक बंद रखने के आदेश दिए हैं।


निरीक्षण आख्या में केंद्र संचालक से स्पष्टीकरण प्राप्त करने, संबंधित अभिलेखों का सत्यापन कराने और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से तकनीकी जांच कराने की संस्तुति की गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी ने हरिद्वार और रुड़की के एआरटीओ को एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र के अन्य वाहन स्क्रैपिंग केंद्रों का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मानकों का अनुपालन करने वाले केंद्रों का ही संचालन सुनिश्चित कराया जाए। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अन्य स्क्रैपिंग केंद्रों की व्यवस्थाएं भी जांच के दायरे में आ गई हैं।

