
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

शहर की ठंडी सड़क पर कथित रूप से नजूल भूमि पर बनी दो दुकानों को सील किए जाने के बाद पुनः खोले जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद जिला विकास प्राधिकरण द्वारा दोनों दुकानों को सील किया गया था, लेकिन अब दुकानों के दोबारा खुलने की जानकारी सामने आने से प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, दोनों दुकानों का निर्माण नजूल भूमि पर किया गया था। मामले की शिकायत प्राधिकरण से किए जाने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए दुकानों को सील कर दिया था। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर किस अधिकारी के आदेश पर और किस प्रक्रिया के तहत इन दुकानों की सील खोली गई?





सूत्रों ने दुकानों को पुनः खोले जाने में विभागीय मिलीभगत की आशंका भी जताई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। यदि नियमानुसार दुकानों की सील खोली गई है तो प्राधिकरण को संबंधित आदेश और कार्रवाई से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने चाहिए।

मामला केवल दुकानों की सील खोले जाने तक सीमित नहीं है। जानकारी के अनुसार, हाल ही में दुकानों के पीछे भी कथित तौर पर नजूल भूमि पर टिन शेड का निर्माण कर दिया गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि पूर्व में कार्रवाई कर चुका प्राधिकरण नए निर्माण से आखिर कैसे अनजान है?



सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि दुकानों का निर्माण नजूल भूमि पर अवैध रूप से किया गया था, तो उन्हें दोबारा खोलने की अनुमति किस आधार पर दी गई? क्या निर्माण को वैध करने की कोई प्रक्रिया पूरी की गई है या किसी सक्षम अधिकारी ने सील खोलने का लिखित आदेश जारी किया है?
वहीं, यदि विभागीय अनुमति के बिना दुकानों की सील हटाई गई है तो संबंधित दुकान स्वामियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई? क्या प्राधिकरण ने इस संबंध में कोई मुकदमा दर्ज कराया है? यदि नहीं, तो इसके पीछे क्या कारण हैं? इन तमाम सवालों पर विभाग का स्पष्टीकरण आवश्यक है।




सरकारी भूमि की सुरक्षा और अवैध निर्माणों पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की है। ऐसे में नजूल भूमि पर कथित निर्माण, सील दुकानों का दोबारा खुलना और पीछे टिन शेड बनाए जाने के मामले में निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है। जांच में प्राधिकरण की भूमिका और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।

अब देखना होगा कि जिलाधिकारी नैनीताल और जिला विकास प्राधिकरण के उच्चाधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर जांच कराते हैं या नहीं। दुकानों की सीलिंग और उन्हें पुनः खोले जाने से संबंधित दस्तावेजों की जांच से ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में प्राधिकरण का आधिकारिक पक्ष उपलब्ध नहीं है।

