
स्थान : ऊधम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट

ऊधम सिंह नगर जिले में दशहरा उत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के विभिन्न शहरों में विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। रुद्रपुर में ही करीब छह स्थानों पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके लिए आयोजकों ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। वहीं, पुतलों के निर्माण में जुटे कारीगरों ने भी अपना काम पूरा कर लिया है।

रुद्रपुर में इस बार रावण का 65 फीट, कुंभकर्ण का 60 फीट और मेघनाद का 55 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया है। विशालकाय पुतले दशहरा उत्सव के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। कारीगरों ने पुतलों को अंतिम रूप देने के बाद उन्हें दहन के लिए तैयार कर दिया है। दशहरा मैदानों में उत्सव को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।




दशहरा पर्व को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। आयोजन स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने के साथ किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।


वहीं, दशहरा उत्सव के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य आयोजन स्थलों के आसपास जाम की स्थिति से बचना और लोगों को आवागमन में परेशानी न होने देना है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।



दशहरा पर्व को लेकर जिलेभर में उत्साह का माहौल है। रावण दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा। प्रशासन और पुलिस की तैयारियों के बीच अब लोगों को विजयादशमी के आयोजन का इंतजार है।

