
स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल जिले की रामनगर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत घर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी से संबंधित नकदी, शिकायतकर्ता की पत्नी का आधार कार्ड और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर 2026 को प्रेम चन्द्र ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दे गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 322/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया।



घटना का जल्द खुलासा करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।


पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय कर संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान मिले सुरागों और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 12 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि वर्मा (31) पुत्र संतराम, निवासी ग्राम सुन्दरा पुट्टा, थाना टीपी नगर, जनपद मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से चोरी की घटना से संबंधित नकदी, शिकायतकर्ता की पत्नी का आधार कार्ड और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि बरामद मोटरसाइकिल उसने नोएडा से चोरी की थी। पुलिस इस संबंध में भी आवश्यक जांच कर रही है, ताकि मोटरसाइकिल की चोरी से जुड़े तथ्यों का सत्यापन किया जा सके।



रामनगर पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की घटना के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

