चंपावत के खटोली तल्ली में लगा बहुउद्देशीय शिविर, 610 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

चंपावत के खटोली तल्ली में लगा बहुउद्देशीय शिविर, 610 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रदेशभर में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्यमंत्री की विधानसभा चंपावत के दूरस्थ क्षेत्र आनंदपुरी इंटर कॉलेज, खटोली तल्ली में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 610 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।

प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराना और ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराना रहा।

शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

इस दौरान प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराया जाए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 82 लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान कीं। आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा विभाग के माध्यम से 65 और होम्योपैथिक विभाग के माध्यम से 55 लोगों को लाभान्वित किया गया। पशुपालन विभाग ने 52, उद्यान विभाग ने 39 और कृषि विभाग ने 25 लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं का लाभ दिया।

वहीं, राजस्व विभाग की ओर से 37 लोगों के विभिन्न प्रमाण पत्र बनाए गए। इसके अतिरिक्त अन्य विभागों ने भी अपने-अपने स्तर पर ग्रामीणों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। प्रशासन के अनुसार, शिविर के माध्यम से कुल मिलाकर लगभग 610 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 75 शिकायतें और आवेदन पत्र प्राप्त हुए। प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों तथा आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अजय सिंह ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान करना और पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रशासन की ओर से आयोजित इस शिविर के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने और लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने का प्रयास किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।