
स्थान : नरेंद्रनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नरेंद्रनगर में आयोजित 50वें श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का ध्वजारोहण कर विधिवत शुभारंभ किया। नौ दिनों तक चलने वाले इस राज्यस्तरीय मेले की स्वर्ण जयंती के अवसर पर नगर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के वन एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

मेले के उद्घाटन के बाद नगर के मुख्य मार्गों पर विभिन्न विद्यालयों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां निकाली गईं। इनमें उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, देशभक्ति, विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में हो रही प्रगति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों को प्रदर्शित किया गया। बैंड की मधुर धुनों के बीच निकली झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। छोलिया नृत्य, महिषासुर मर्दिनी, नरसिंह अवतार, सूर्य नमस्कार, माखन होली, मां कुंजापुरी और बदलता नरेंद्रनगर जैसी झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।




इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद स्थल पर अमर शहीदों की प्रतिमाओं और स्वतंत्रता संग्राम शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मां कुंजापुरी के चित्र का अनावरण कर दीप प्रज्वलित किया और पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनियों और स्टॉलों का उद्घाटन कर निरीक्षण किया तथा विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ली।


मुख्यमंत्री ने मेले की स्वर्ण जयंती पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला केवल धार्मिक आस्था का आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली परंपराओं और क्षेत्रीय विकास का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि मां कुंजापुरी का आशीर्वाद सभी प्रदेशवासियों पर बना रहे। मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक एवं तत्कालीन जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह पांगती के योगदान की भी सराहना की।



मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिल रही है और चारधाम यात्रा में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश से पलायन रोकना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने के साथ धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून, सशक्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई और ऑपरेशन कालनेमि जैसे अभियान चलाए हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं।




क्षेत्रीय विकास कार्यों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड और पर्यटन मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। नरेंद्रनगर में राजकीय पॉलिटेक्निक के उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय, विधि महाविद्यालय, सभागार निर्माण, गजा अस्पताल के उच्चीकरण तथा लगभग 50 करोड़ रुपये की सीवर लाइन सहित विभिन्न विकास योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा।
वन एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने मेले की स्वर्ण जयंती पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि तत्कालीन जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह पांगती द्वारा शुरू किया गया यह आयोजन आज जनसहभागिता के बल पर राज्यस्तरीय मेले का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि यह मेला उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ खेलकूद और पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करता है। मेले के संस्थापक सुरेंद्र सिंह पांगती ने भी आयोजन की पांच दशक लंबी यात्रा से जुड़े अनुभव साझा किए। नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम पंवार ने मेले को क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

गौरतलब है कि 11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले नौ दिवसीय श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में खेलकूद प्रतियोगिताओं, विद्यालय स्तरीय कार्यक्रमों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम रहेगी। मेले में पद्मश्री डॉ. बसंती बिष्ट, संगीता ढौंडियाल, मीना राणा, किशन महिपाल, नरेंद्र सिंह नेगी, पांडवाज बैंड, सुदेश लहरी, राजीव ठाकुर और सुनंदा शर्मा सहित कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मेले का समापन पद्मश्री जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण के जागर गायन के साथ होगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, ऋषिकेश महापौर शंभू पासवान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

