विकासनगर में बाइक भिड़ंत के बाद निजी बस पलटी, चालक-परिचालक समेत कई घायल

विकासनगर में बाइक भिड़ंत के बाद निजी बस पलटी, चालक-परिचालक समेत कई घायल

स्थान : विकासनगर(देहरादून )
ब्यूरो रिपोर्ट

शिमला बाईपास रोड पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे से अफरातफरी मच गई। शेरपुर गांव के पास श्रीराम कॉलेज के नजदीक दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद पीछे से आ रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गई।

बताया जा रहा है कि बस में करीब 18 से 20 यात्री सवार थे। हादसे में चार यात्रियों के साथ बस चालक और परिचालक को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो बाइक सवारों की अचानक हुई भिड़ंत के बाद बस चालक ने टक्कर से बचने के लिए वाहन मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे नीचे की ओर जा पलटी।

बस पलटते ही आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस की खिड़कियों और अन्य रास्तों से यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।

हादसे की सूचना मिलते ही सभावाला चौकी और सहसपुर थाने की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल यात्रियों को बाहर निकाला।

सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सुभारती अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल लोगों की स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा नजर रखी जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे का कारण दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि बस की रफ्तार, ब्रेकिंग व्यवस्था और किसी संभावित तकनीकी खामी सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि हादसे के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। समय पर शुरू हुए रेस्क्यू अभियान से बड़ा जानी नुकसान टल गया। सहसपुर पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।