
स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

भाजपा की लक्सर विधानसभा पदाधिकारी बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नी, लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा समेत कई नेता मौजूद रहे। हालांकि कुछ पदाधिकारियों की अनुपस्थिति बैठक में चर्चा का विषय बनी रही।



पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने पदाधिकारियों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पार्टी के प्रत्येक छोटे-बड़े कार्यकर्ता और पदाधिकारी को संगठन के कार्यक्रमों में उपस्थित रहना चाहिए। उन्होंने संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाने में सक्रियता को जरूरी बताया।


संजय गुप्ता ने कहा कि जो पदाधिकारी पार्टी की महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल नहीं हो सकता, उसे किसी भी प्रकार का पदभार ग्रहण नहीं करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने की बात कही।



बैठक में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक से जब पूछा गया कि क्या इस प्रकार की बैठकें केवल चुनाव के समय आयोजित की जाती हैं, तो उन्होंने कहा कि भाजपा में पदाधिकारी बैठकें लगातार आयोजित होती रहती हैं और संगठन नियमित रूप से कार्यकर्ताओं से संवाद करता है।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर निशंक ने कहा कि भाजपा के पास “कमल” ही चेहरा है और पार्टी कमल के साथ चुनाव लड़ती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए अपनी बात रखी।




लक्सर विधानसभा का चुनाव प्रभारी बनाए जाने और आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर निशंक ने कोई स्पष्ट दावा नहीं किया। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान का जो भी निर्देश होगा, वह उनके लिए सर्वमान्य रहेगा।
चुनाव लड़ने की इच्छा से जुड़े सवाल पर भी निशंक ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से ऐसी कोई बात नहीं कह रहे हैं। पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, वह उसे पूरी शिद्दत से निभाएंगे। बैठक के दौरान संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया।

