
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन रोड स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में हुए ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बुजुर्ग दंपत्ति समेत तीन लोगों की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है। आरोपी पिछले करीब दो साल से बुजुर्ग दंपत्ति के घर पर प्लंबिंग का काम करता था और घटना वाले दिन भी उसे प्लंबिंग संबंधी काम के लिए घर बुलाया गया था।



पुलिस जांच में सामने आया कि काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर आरोपी और बुजुर्ग दंपत्ति के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राजकुमार ने पेचकस से दंपत्ति पर हमला कर दिया।


इसी दौरान घर में मौजूद नौकरानी बीच-बचाव के लिए पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में अस्पताल में उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई।



मृतकों की पहचान 80 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 75 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और 48 वर्षीय नौकरानी तिलया देवी उर्फ शीला के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया पेचकस बरामद किया है। आरोपी के कब्जे से एक सोने की चेन भी बरामद होने की बात सामने आई है, जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।




जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में आरोपी को बुजुर्ग दंपत्ति के घर की ओर अकेले जाते हुए देखा गया है। पुलिस ने विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ के साथ ही घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है, ताकि पूरे मामले की विस्तृत तस्वीर सामने आ सके।

