
स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

कैंचीधाम क्षेत्र में मंगलवार सुबह दूध से भरा एक पिकअप वाहन गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलने पर नैनीताल पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे तीन घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार 6 अक्टूबर को सुबह करीब पांच बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने कैंचीधाम चौकी पुलिस को सूचना दी कि कैंची मंदिर क्षेत्र में केरल ढाबे के पास सड़क से करीब 100 से 150 मीटर नीचे नदी के पास किसी वाहन की लाइट जलती दिखाई दे रही है।


सूचना मिलते ही कैंचीधाम चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से खाई में सर्च अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान दूध का पिकअप वाहन संख्या UK04 CC 3465 नदी के पास गहरी खाई में गिरा मिला।


पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कठिन परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे तीन लोगों को गंभीर घायल अवस्था में नदी के पास से सुरक्षित बाहर निकाला गया।


घायलों की पहचान हल्द्वानी के बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड निवासी 33 वर्षीय वाहन चालक अंकित सिंह और 22 वर्षीय बॉबी के रूप में हुई। तीसरे घायल की पहचान हल्द्वानी निवासी 11 वर्षीय मोहम्मद साकिब के रूप में हुई है।

रेस्क्यू के बाद तीनों घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया, जहां उन्हें उपचार उपलब्ध कराया गया।



रेस्क्यू टीम में कैंचीधाम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कुमार, अपर उपनिरीक्षक विजय कुमार, कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल महेश गोस्वामी शामिल रहे। अभियान में एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया।

पुलिस के मुताबिक समय पर सूचना मिलने और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किए जाने से तीनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका। वाहन के खाई में गिरने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

