लालकुआं में वन्य जीव सुरक्षा सप्ताह पर गोष्ठी, उत्कृष्ट वनकर्मी और छात्र सम्मानित

लालकुआं में वन्य जीव सुरक्षा सप्ताह पर गोष्ठी, उत्कृष्ट वनकर्मी और छात्र सम्मानित

स्थान : लालकुआं
ब्यूरो रिपोर्ट

वन्य जीव सुरक्षा सप्ताह के तहत तराई पूर्वी वन प्रभाग की डौली रेंज में वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय परिसर में गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में वन एवं वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

गोष्ठी में पहुंचे उप प्रभागीय वन अधिकारी अनिल कुमार जोशी ने कहा कि वन और वन्य जीव पर्यावरणीय संतुलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने लोगों से इनके संरक्षण और जंगलों की सुरक्षा में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य कमलेश चंदौला ने वन विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वन कर्मियों को सम्मानित किया। उन्होंने वन कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए संरक्षण कार्यों को और मजबूत करने की बात कही।

इस दौरान स्कूली बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को अतिथियों ने ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया।

गोष्ठी में वक्ताओं ने मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही मानव और वन्य जीवों के सह-अस्तित्व के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में सर्पदंश से बचाव और हाथियों से आमने-सामने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। लोगों को वन्यजीव क्षेत्रों में सतर्कता और सुरक्षित व्यवहार अपनाने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार पंत ने की। उन्होंने कहा कि वन्य जीव सुरक्षा सप्ताह का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि समाज की भागीदारी से संरक्षण के प्रयासों को मजबूत करना भी है।

इस अवसर पर संसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, प्रेस क्लब अध्यक्ष बी.सी. भट्ट, वन दरोगा पान सिंह मेहता, हरीश बिष्ट सहित वन विभाग के कई कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।