जसपुर में आंगन मिलन एवं पोषण माह कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं और बच्चों को किया लाभान्वित

जसपुर में आंगन मिलन एवं पोषण माह कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं और बच्चों को किया लाभान्वित

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

बाल विकास परियोजना जसपुर शहर के अंतर्गत राजपूत सभा में आंगन मिलन एवं पोषण माह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कमल चौहान, मंडल अध्यक्ष राज कुमार चौहान और मंडल महामंत्री विशाल कश्यप ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान 9 महिलाओं की गोदभराई की गई। इसके साथ ही 3 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया और 6 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई।

इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं और जनसमुदाय को पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा संतुलित आहार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर भी जोर दिया।

आंगन मिलन कार्यक्रमों के सफल आयोजन और उत्कृष्ट सहभागिता के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनके कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में सुपरवाइजर अंजू रानी, यासमीन जहां और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मनीष चौहान सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। उन्होंने सरकार की पोषण और मातृ-शिशु कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मंजू, नीलम देवी, अंजू चौहान, निर्मलजीत, सीमा, विमलेश और रचना ज्योति समेत अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहीं।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से पोषण जागरूकता बढ़ाना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत करना और आंगनवाड़ी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना है।