107वें वर्ष में भव्य रूप में सजेगी बीटी गंज रामलीला, 70 फीट के रावण का होगा दहन

107वें वर्ष में भव्य रूप में सजेगी बीटी गंज रामलीला, 70 फीट के रावण का होगा दहन

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

ऐतिहासिक बीटी गंज रामलीला इस बार अपने 107वें वर्ष में भव्य और दिव्य स्वरूप में आयोजित होगी। पांच अक्टूबर को भूमि पूजन के साथ आयोजन की शुरुआत होगी, जबकि आठ अक्टूबर से रामलीला का विधिवत मंचन शुरू किया जाएगा।

सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में रामलीला समिति के अध्यक्ष सुबोध गुप्ता और महामंत्री सौरभ सिंघल ने कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सात अक्टूबर को मां काली की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

इस बार रामलीला मंचन को विशेष बनाने के लिए राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से जुड़े टीवी कलाकारों को भी शामिल किया गया है। आठ अक्टूबर से शुरू होने वाले मंचन में विभिन्न प्रसंगों को आकर्षक और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।

दस अक्टूबर को ताड़का वध का विशेष मंचन होगा। इसमें दिल्ली और मुजफ्फरनगर से आने वाले कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं 11 अक्टूबर को धनुष यज्ञ का मंचन किया जाएगा।

बारह अक्टूबर को भगवान श्रीराम की भव्य राम बरात निकाली जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार राम बरात में आगरा, सहारनपुर, दिल्ली और मेरठ के प्रसिद्ध बैंड के साथ आकर्षक झांकियां शामिल होंगी।

बीस अक्टूबर को नेहरू स्टेडियम में भव्य दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। रावण वंश के मंचन के बाद 70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

इसके साथ ही 55-55 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। दशहरा मेले को लेकर समिति की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

इस वर्ष रामलीला की थीम ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ रखी गई है। समिति का कहना है कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के माध्यम से समाज तक बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा का संदेश भी पहुंचाया जाएगा।