
लोकेशन – डोईवाला (देहरादून)
ब्यूरो रिपोर्ट

विधानसभा क्षेत्र के बालावाला में उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से त्रिशक्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यूकेडी नेता संजय चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सैनिक शक्ति, मातृ शक्ति और युवा शक्ति को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती समेत पार्टी के कई पदाधिकारी, पूर्व सैनिक, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।



इस दौरान यूकेडी नेता परवीन चंद्र रमोला, डोईवाला छात्रसंघ अध्यक्ष मोहित ममगाई, डॉ. सौम्य चौधरी पहाड़ी समेत पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


कार्यक्रम के आयोजक संजय चौधरी ने कहा कि पूर्व सैनिकों, मातृ शक्ति और युवाओं का उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि ये तीनों शक्तियां राज्य के भविष्य की मजबूत नींव हैं।


यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय राजनीतिक दलों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों के कारण प्रदेश की जनता परेशान है।

कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल राज्य में पलायन रोकने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार आवाज उठा रहा है। उन्होंने स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की जरूरत पर जोर दिया।



उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को भी राज्य के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया। कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड के प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय हितों की रक्षा के लिए पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी।

यूकेडी नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की मूल अवधारणा को साकार करने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आगे आना होगा। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों, महिलाओं और युवाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

