हरिद्वार में सड़कों को गड्ढामुक्त करने की मुहिम तेज, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

हरिद्वार में सड़कों को गड्ढामुक्त करने की मुहिम तेज, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले में सड़कों को गड्ढामुक्त करने की मुहिम तेज कर दी गई है। मुख्यमंत्री के 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रविवार को कई क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क सुधार कार्यों की प्रगति परखी।

डीएम ने चंडी चौक, आयरिश पुल, बैरागी कैंप और दक्षद्वीप समेत विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से सड़क मरम्मत, डामरीकरण और पेंचवर्क की स्थिति की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुधार कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां सड़कें खराब हैं, वहां तत्काल मरम्मत कार्य तेज किए जाएं।

उन्होंने कहा कि जरूरत के मुताबिक श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा किया जा सके। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने चंडी पुल की मरम्मत से जुड़े कार्यों का भी जायजा लिया। इसके अलावा 60 मीटर स्पान पुल के निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी अधिकारियों से ली।

कुंभ मेले से जुड़े निर्माण कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी आयोजनों को देखते हुए सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेंटिंग, वॉल पेंटिंग और खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर सभी कार्य तेजी से पूरे करने को कहा।

डीएम ने शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक सड़क सुधार कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित निगरानी करते हुए प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को भी कहा।