
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के सोमवार हल्द्वानी पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तैयारियां की हैं और स्वराज आश्रम में स्वागत कार्यक्रम रखा गया है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार हरीश रावत शाम करीब पांच बजे हल्द्वानी पहुंचने वाले हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए जुटने की तैयारी कर रहे हैं।


हरीश रावत इन दिनों उत्तराखंड में राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं और विभिन्न क्षेत्रों में जनता से संवाद कर रहे हैं। रामनगर क्षेत्र में भी उनके जनसंवाद कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई थी।

उनके हल्द्वानी दौरे को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। राज्य में कांग्रेस संगठन और वरिष्ठ नेताओं की राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं।


इस बीच हरीश रावत की धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा को लेकर कांग्रेस के भीतर भी चर्चा तेज है। पार्टी की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा की ओर से उनके व्यक्तिगत कार्यक्रमों पर आपत्ति जताए जाने की खबर सामने आई है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार कांग्रेस नेतृत्व ने हरीश रावत को दिल्ली भी बुलाया है। ऐसे में उनके आज के प्रस्तावित हल्द्वानी कार्यक्रम में अंतिम समय पर बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।



कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नजर अब हरीश रावत के अगले राजनीतिक कदम और उनके कार्यक्रम पर बनी हुई है।
वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड कांग्रेस की रणनीति, संगठनात्मक एकजुटता और वरिष्ठ नेताओं की भूमिका को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

