देवाल में 70 नाली भूमि पर अवैध भांग की खेती नष्ट

देवाल में 70 नाली भूमि पर अवैध भांग की खेती नष्ट

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत चमोली पुलिस ने देवाल क्षेत्र में अवैध भांग की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में संयुक्त टीम ने रामपुर तोक क्षेत्र में करीब 70 नाली भूमि पर की जा रही भांग की खेती को चिन्हित कर नष्ट किया।

इस अभियान में एसओजी चमोली, चौकी देवाल, समाज कल्याण विभाग, विधिक सेवा प्राधिकरण और वन विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने मौके पर पहुंचकर भांग के पौधों को नष्ट किया और आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया।

पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों को चेतावनी दी कि अवैध रूप से भांग की खेती करना कानूनन अपराध है। भविष्य में इस प्रकार की गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को नशे और भांग के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों से अपने आसपास उगी जंगली भांग को सामूहिक प्रयास से नष्ट करने और युवाओं को नशे से दूर रखने में सहयोग की अपील की।

इस दौरान प्रभारी एसओजी उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने फर्जी केवाईसी, बैंक या एटीएम बंद होने का झांसा, ऑनलाइन निवेश, ट्रेडिंग और फर्जी लोन के नाम पर होने वाली ठगी की जानकारी दी।

ग्रामीणों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कस्टमर केयर, नौकरी के नाम पर ठगी और संदिग्ध लिंक व क्यूआर कोड के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। लोगों से किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, पिन, सीवीवी और बैंक खाते की जानकारी साझा न करने को कहा गया।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए। साथ ही परिवार के बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

कार्रवाई के दौरान चौकी प्रभारी देवाल राकेश डिमरी, कांस्टेबल सलमान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। चमोली पुलिस ने साफ किया है कि नशे के अवैध कारोबार और नशीले पदार्थों की खेती के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।