
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर हरिद्वार जिला कलेक्ट्रेट में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों को नमन किया।

कार्यक्रम में एडीएम वैभव गुप्ता सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।



इस अवसर पर आनंदमई सेवा सदन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने महात्मा गांधी से जुड़े भजन प्रस्तुत किए। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया।


कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।


एडीएम वैभव गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और जनसेवा का संदेश देता है। उन्होंने अधिकारियों और विद्यार्थियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने भी सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की। दोनों नेताओं के आदर्श आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।



एडीएम ने कहा कि महात्मा गांधी ने देशवासियों को स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया था। इसी भावना के तहत हरिद्वार जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों पर चलने तथा स्वच्छता, अनुशासन और जनसेवा को अपने कार्यों में अपनाने का संकल्प लिया।

