साढ़े चार साल के संघर्ष के बाद खटीमा में शुरू हुई गौशाला, विधायक कापड़ी ने बताया जनता की जीत

साढ़े चार साल के संघर्ष के बाद खटीमा में शुरू हुई गौशाला, विधायक कापड़ी ने बताया जनता की जीत

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

क्षेत्र में निराश्रित पशुओं की समस्या को लेकर लंबे समय से की जा रही मांग के बाद आखिरकार गौशाला शुरू हो गई है। गौशाला शुरू होने पर विधायक भुवन कापड़ी ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए इसे जनता के लंबे संघर्ष की जीत बताया।

विधायक भुवन कापड़ी ने कहा कि खटीमा में निराश्रित पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। इस मुद्दे को लेकर लगातार जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की ओर से आवाज उठाई जाती रही।

उन्होंने कहा कि निराश्रित पशुओं की समस्या को लेकर सड़क से लेकर सदन तक लगातार संघर्ष किया गया। कई बार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए गौशाला शुरू करने की मांग की गई।

विधायक ने कहा कि भले ही गौशाला शुरू होने में साढ़े चार साल का समय लगा, लेकिन अंततः जनता के संघर्ष और लगातार प्रयासों के बाद खटीमा को गौशाला मिल गई है।

हालांकि विधायक कापड़ी ने गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर चिंता भी जताई। उन्होंने कहा कि केवल गौशाला शुरू कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि वहां रखे जाने वाले पशुओं की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि गौशाला में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पानी और उचित रखरखाव की व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही संबंधित विभागों और कर्मचारियों को नियमित निगरानी भी करनी चाहिए।

विधायक ने कहा कि पूर्व में किसी भी प्रकार की लापरवाही की स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए प्रशासन को गंभीरता से व्यवस्थाओं की समीक्षा करनी चाहिए। पशुओं की देखभाल में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

भुवन कापड़ी ने ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत प्रतिनिधियों और नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी अपने-अपने क्षेत्रों में घूम रहे निराश्रित पशुओं को गौशाला तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि सड़कों पर पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं और अन्य समस्याओं में कमी लाई जा सके।