
स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे। लोहियाहेड हेलीपैड पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए।





मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें लोगों को अपने छोटे-बड़े कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों से जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहने को कहा।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ लगातार कार्य कर रही है। प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।


इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि खटीमा सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा एवं निर्जला व्रत के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सूर्य उपासना और प्रकृति आराधना का यह पर्व भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक मूल्यों का प्रतीक है। छठ महापर्व समाज में श्रद्धा, समर्पण और एकता का संदेश देता है।




मुख्यमंत्री ने छठी मैया से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विविधता और विभिन्न पर्वों की परंपराएं राज्य की पहचान को और समृद्ध बनाती हैं। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं।


इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, सुरेश कोली, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी से क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

