
स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर : धर्मराज

भगत सिंह चौक पर यातायात व्यवस्था और जल निकासी की स्थिति सुधारने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर मौजूद अव्यवस्थाओं को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चौक और आस पास के क्षेत्रों में किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे लगाए गए अनावश्यक होर्डिंग और फ्लेक्सी बैनरों को भी हटाने को कहा, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।



डीएम ने नगर निगम के अधिकारियों को क्षेत्र में उगी झाड़ियों की कटाई कराने और नालों की समुचित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखना जरूरी है।


जिलाधिकारी ने ज्वालापुर की ओर स्थित नाले पर स्लैब डालने के भी निर्देश दिए। अधिकारियों को कहा गया कि नाले को सुरक्षित ढंग से कवर किया जाए, जिससे आवागमन सुचारु रहे और चौक पर यातायात का दबाव कम किया जा सके।



निरीक्षण के दौरान भगत सिंह चौक पर लगने वाले जाम की समस्या को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि यातायात व्यवस्था इस तरह बनाई जाए कि वाहनों की आवाजाही में बाधा न आए और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों से यातायात, सफाई, जल निकासी और पार्किंग से जुड़े कार्यों को आपसी समन्वय के साथ पूरा करने को कहा।




