चमोली के आठ महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन संपन्न, पुलिस रही मुस्तैद

चमोली के आठ महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन संपन्न, पुलिस रही मुस्तैद

स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

जनपद चमोली के विभिन्न महाविद्यालयों में चल रही छात्रसंघ निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 24 सितम्बर 2026 को नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई। जिले के आठ महाविद्यालयों में विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव और कोषाध्यक्ष पदों के लिए छात्र-छात्राओं ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान महाविद्यालय परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस कर्मियों ने परिसरों के आसपास लगातार निगरानी रखते हुए चुनावी प्रक्रिया के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को छात्रसंघ चुनाव के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखने तथा महाविद्यालय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को कहा है।

श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय परिसर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और अध्यक्ष पद के लिए तीन-तीन, उपाध्यक्ष के लिए चार, सचिव के लिए दो, सहसचिव के लिए तीन और कोषाध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशियों ने नामांकन किया। डॉ. शिवानन्द नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग में सभी छह पदों पर दो-दो प्रत्याशियों ने नामांकन कराया।

शहीद जगदीश प्रसाद पुरोहित राजकीय महाविद्यालय नन्दानगर में अध्यक्ष पद के लिए सबसे अधिक चार नामांकन हुए, जबकि विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और उपाध्यक्ष के लिए तीन-तीन, सचिव और सहसचिव के लिए दो-दो तथा कोषाध्यक्ष के लिए एक नामांकन हुआ। तलवाड़ी महाविद्यालय में अध्यक्ष पद के लिए तीन, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और सचिव पद के लिए दो-दो तथा उपाध्यक्ष, सहसचिव और कोषाध्यक्ष के लिए एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन किया।

नागनाथ पोखरी स्थित हि.क.च.कु. बर्त्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सभी पदों पर दो-दो प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गैरसैंण में विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और सहसचिव पद पर दो-दो, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर एक प्रत्याशी ने नामांकन किया।

मगन लाल शाह राजकीय महाविद्यालय मींग नारायणबगड़ में विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर चार प्रत्याशियों ने नामांकन कराया, जबकि अन्य सभी पदों पर दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्योतिर्मठ में विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए दो, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और सहसचिव पदों पर तीन-तीन तथा कोषाध्यक्ष के लिए दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया।

पुलिस प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव की आगामी प्रक्रियाओं के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने की बात कही है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान संयम, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ ड्यूटी करें। महाविद्यालय प्रशासन और पुलिस के बीच लगातार समन्वय बनाकर मतदान और मतगणना समेत आगामी चुनावी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।