चाफी-अल्चौना-ताड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण को 2.26 करोड़, गोल्ज्यू मंदिर के सौंदर्यीकरण को 91 लाख

चाफी-अल्चौना-ताड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण को 2.26 करोड़, गोल्ज्यू मंदिर के सौंदर्यीकरण को 91 लाख

स्थान : नैनीताल(भीमताल)
रिपोर्टर : संजय जोशी

भीमताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल ब्लॉक में चाफी से अल्चौना-ताड़ा मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने निर्माण कार्य की शुरुआत करते हुए कहा कि लंबे समय से खराब पड़े इस मोटर मार्ग के सुधरने से क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मोटर मार्ग की खराब स्थिति के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ होने के कारण वाहनों का आवागमन मुश्किल हो जाता था और कई बार वाहन कीचड़ में फंस जाते थे। ग्रामीण लगातार मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग कर रहे थे।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि ग्रामीणों की मांग को देखते हुए उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग के सुधारीकरण की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर प्रयास के बाद सड़क के डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए 2 करोड़ 26 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है।

इसके साथ ही विनायक स्थित गोल्ज्यू देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण और पुनर्निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया गया। मंत्री कैड़ा ने बताया कि मंदिर को मंदिर माला मिशन योजना में शामिल कराया गया है। योजना के तहत मंदिर के सौंदर्यीकरण और पुनर्निर्माण के लिए 91 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

भूमि पूजन के बाद मंदिर में निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई। मंत्री कैड़ा ने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। मंदिर माला मिशन के तहत क्षेत्र के अन्य मंदिरों के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के कार्य भी कराए जा रहे हैं।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण के कार्य लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में सड़कें खराब हैं, वहां चरणबद्ध तरीके से निर्माण और मरम्मत कार्य कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि लोगों की सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाए। मंत्री कैड़ा ने सड़क और मंदिर से जुड़े कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रवासियों ने भी निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, प्रधान कमल देवका, लता आर्य, अंकित आर्य, जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल, ज्येष्ठ प्रमुख नंदाबल्लभ ब्रजवासी, आनंद मणि भट्ट सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के ग्रामीण मौजूद रहे।