थत्यूड़ पहुंचे सुभाष राणा, पलायन-रोजगार और खेल सुविधाओं पर रखी बात

थत्यूड़ पहुंचे सुभाष राणा, पलायन-रोजगार और खेल सुविधाओं पर रखी बात

स्थान : पौड़ी गड़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के बीच अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और कोच सुभाष राणा बुधवार को थत्यूड़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की।

सुभाष राणा सकलाना क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद भवान क्षेत्र होते हुए थत्यूड़ पहुंचे। यहां स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

पत्रकारों से बातचीत में राणा ने क्षेत्र से जुड़े पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और खेल सुविधाओं के मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत बताई।

राणा ने कहा कि जौनपुर क्षेत्र के गांवों से लगातार पलायन हो रहा है। उनके अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर न होना इसके प्रमुख कारणों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि यदि गांवों में ही युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो पलायन को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

सुभाष राणा ने खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहाड़ के युवाओं में खेल प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें प्रशिक्षण और जरूरी संसाधन स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की जरूरत है।

उन्होंने सुझाव दिया कि न्याय पंचायत स्तर पर स्टेडियम और खेल सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से ही अभ्यास और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी उन्होंने अपनी राजनीतिक राय रखी। राणा ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अच्छे मतों से जीत हासिल करेगा और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।

सुभाष राणा के थत्यूड़ दौरे और भाजपा कार्यकर्ताओं से उनकी मुलाकात को स्थानीय राजनीतिक गतिविधियों के संदर्भ में देखा जा रहा है। आने वाले समय में धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।