गाड़ी निजी, रौब सरकारी! 20 वाहनों से हटवाईं पदनाम पट्टिकाएं

गाड़ी निजी, रौब सरकारी! 20 वाहनों से हटवाईं पदनाम पट्टिकाएं

स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे

निजी वाहनों पर अनावश्यक रूप से नाम, पदनाम और पहचान दर्शाने वाली पट्टिकाएं लगाकर प्रभाव दिखाने वालों के खिलाफ चमोली पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 20 निजी वाहनों से ऐसी पट्टिकाएं हटवाते हुए वाहन स्वामियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपदभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के साथ ही निजी वाहनों पर अनावश्यक पहचान चिन्ह लगाने वालों पर भी कार्रवाई की गई।

यह अभियान उत्तराखंड उच्च न्यायालय, नैनीताल के निर्देशों और पुलिस मुख्यालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में चलाया गया। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में 23 सितंबर को जनपद के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में वाहनों की जांच की गई।

इसके अलावा अंतरजनपदीय बैरियरों पर भी पुलिस टीमों ने वाहनों को रोककर जांच की। इस दौरान वाहनों पर लगाए गए नाम, पदनाम और अन्य पहचान से संबंधित चिन्हों का विशेष रूप से परीक्षण किया गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस को कई निजी वाहनों पर अनावश्यक रूप से नाम और पदनाम दर्शाने वाली पट्टिकाएं लगी मिलीं। पुलिस ने ऐसे कुल 20 वाहनों से पट्टिकाएं और अन्य अनधिकृत पहचान चिन्ह तत्काल हटवाए।

संबंधित वाहन स्वामियों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को भविष्य में इस प्रकार की पट्टिकाएं या चिन्ह न लगाने की हिदायत दी।

पुलिस अधिकारियों ने वाहन स्वामियों को बताया कि निजी वाहन को किसी पद, प्रतिष्ठा या प्रभाव का प्रदर्शन करने का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। सड़क पर सभी वाहन चालक समान रूप से यातायात नियमों के दायरे में आते हैं।

पुलिस का कहना है कि निजी वाहन पर नाम या पदनाम प्रदर्शित कर विशेष अधिकार या प्रभाव का संकेत देना आम वाहन चालकों के बीच गलत संदेश देता है। जिम्मेदार नागरिक की पहचान यातायात नियमों का पालन करने से होती है, न कि वाहन पर पदनाम लिखवाने से।

चमोली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपने निजी वाहनों पर अनावश्यक नाम, पदनाम अथवा पहचान दर्शाने वाले चिन्ह न लगाएं। साथ ही सड़क पर सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी नियमों का पालन करें।