स्टाइपेंड की मांग पर पैरामेडिकल इंटर्न छात्रों का धरना शुरू

स्टाइपेंड की मांग पर पैरामेडिकल इंटर्न छात्रों का धरना शुरू

स्थान : श्रीनगर गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर (वीसीएसजी) के वर्ष 2022 बैच के पैरामेडिकल इंटर्न छात्रों ने स्टाइपेंड की मांग को लेकर बुधवार से धरना शुरू कर दिया। छात्रों ने पूरी छह माह की इंटर्नशिप अवधि का स्टाइपेंड और 15 हजार रुपये प्रतिमाह भुगतान की मांग उठाई है।

धरने पर बैठे छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान वे अस्पताल में नियमित रूप से सेवाएं दे रहे हैं। कई बार उनकी ड्यूटी आठ से 12 घंटे तक रहती है और इमरजेंसी सेवाओं में भी उन्हें जिम्मेदारी निभानी पड़ती है।

छात्रों के अनुसार रविवार और राजकीय अवकाश के दिनों में भी उनसे ड्यूटी ली जाती है। उनका कहना है कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में लगातार योगदान देने के बावजूद उन्हें इंटर्नशिप अवधि का अपेक्षित स्टाइपेंड नहीं मिल रहा है।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने मांग की कि वर्ष 2022 बैच के पात्र पैरामेडिकल इंटर्न को पूरी छह माह की इंटर्नशिप अवधि का भुगतान किया जाए। साथ ही स्टाइपेंड की राशि 15 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित कर समय पर उपलब्ध कराई जाए।

अपनी मांगों को लेकर छात्रों ने एडीएम पौड़ी एफआर चौहान के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। छात्रों ने कहा कि लंबे समय से लंबित इस मांग पर सरकार और संबंधित विभाग को जल्द निर्णय लेना चाहिए।

डॉ. सुरेंद्र सिंह, एमडी कम्युनिटी मेडिसिन एवं असाइनमेंट प्रोफेसर ने कहा कि छात्रों की मांग और उनकी समस्या से संबंधित विषय को उचित स्तर पर रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप के दौरान छात्रों की सेवाओं और स्टाइपेंड से जुड़े प्रकरण को नियमानुसार देखा जाएगा।

एडीएम पौड़ी एफआर चौहान ने बताया कि छात्रों की ओर से ज्ञापन प्राप्त हुआ है। ज्ञापन को संबंधित स्तर पर भेजा जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

धरने में शामिल लक्ष्मी भंडारी, निशा नेगी, अभिषेक धिडियाल और ईशा रावत ने कहा कि जब तक छह माह के स्टाइपेंड और 15 हजार रुपये मासिक भुगतान की मांग पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठाते रहेंगे।