आईआईटी रुड़की के दीक्षांत समारोह का आगाज, 2701 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां

आईआईटी रुड़की के दीक्षांत समारोह का आगाज, 2701 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में दो दिवसीय दीक्षांत समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। समारोह के पहले दिन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत कुमार डोभाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान स्नातक पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।

दीक्षांत समारोह में डिग्री हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उपाधि प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों ने अपने परिजनों और सहपाठियों के साथ इस उपलब्धि का जश्न मनाया और संस्थान में बिताए पलों को यादगार बनाया।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आईआईटी रुड़की के गौरवशाली इतिहास और देश-दुनिया में उसके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान के पूर्व छात्रों ने अपनी प्रतिभा और सेवाओं के जरिए विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम रोशन किया है।

डोभाल ने विद्यार्थियों से अपनी तकनीकी क्षमता और ज्ञान का उपयोग राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय सुरक्षा और समाज के कल्याण के लिए करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में तकनीकी विशेषज्ञों की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है।

समारोह में वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील करते हुए तकनीक और नवाचार के महत्व पर जोर दिया।

आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रोफेसर के.के. पंत ने संस्थान की उपलब्धियों, शोध कार्यों और तकनीकी नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की शोध और तकनीक के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। अर्धकुंभ समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर भी संस्थान की ओर से शोध और तकनीकी कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में प्रदीप बत्रा ने डिग्री हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी तकनीकी दक्षता का उपयोग देश के विकास, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण में करने का आह्वान किया।

दो दिवसीय दीक्षांत समारोह में कुल 2,701 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जानी हैं। इनमें 518 पीएचडी शोधार्थी भी शामिल हैं। समारोह के दूसरे दिन स्नातकोत्तर और पीएचडी विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी। दूसरे दिन हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे।