नंदा देवी महोत्सव को लेकर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा

नंदा देवी महोत्सव को लेकर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

18 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मां नंदा देवी महोत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्कता बरतने को कहा।

महोत्सव के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एसपी नैनीताल के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ ही असामाजिक तत्वों को भी कड़ा संदेश दिया।

पुलिस का फ्लैग मार्च मेला परिसर से शुरू होकर रिक्शा स्टैंड मल्लीताल, फ्लैट्स मैदान, भोटिया मार्केट, मस्जिद तिराहा और घोड़ा स्टैंड सहित शहर के अन्य प्रमुख और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।

महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को भीड़ नियंत्रण और वाहनों की आवाजाही को सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं।

एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने मेला कंट्रोल रूम और संचार व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से आपात स्थिति में त्वरित सूचना आदान-प्रदान और पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा।

इसके अलावा मेला क्षेत्र में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों और सीसीटीवी ग्रिड की कार्यप्रणाली की जांच की गई। पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि मेले के प्रमुख स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए।

खोया-पाया केंद्र की व्यवस्थाओं का भी अधिकारियों ने जायजा लिया। महोत्सव में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस बल को सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और आगंतुकों से भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मां नंदा देवी महोत्सव को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां नैना देवी का आशीर्वाद लेने और शांतिपूर्ण तरीके से मेले का आनंद उठाने की अपील की गई है।