
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

नगर कोतवाली क्षेत्र के लालजीवाला में गणपति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। परिवार के साथ विसर्जन के लिए पहुंची डोईवाला निवासी 14 वर्षीय किशोरी गंगा के तेज बहाव में बहकर लापता हो गई। घटना के बाद से जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें किशोरी की तलाश में जुटी हैं।

जानकारी के अनुसार डोईवाला क्षेत्र की केशव बस्ती निवासी 14 वर्षीय प्रीति पुत्री राकेश कुमार अपने परिवार के साथ गणपति विसर्जन के लिए हरिद्वार आई थी। परिवार लालजीवाला बस्ती के पास बड़ी गंगा क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन कर रहा था।


बताया गया कि बुधवार 16 सितंबर की दोपहर करीब तीन बजे विसर्जन के दौरान किशोरी अचानक गंगा में गिर गई। तेज बहाव के कारण वह संभल नहीं पाई और देखते ही देखते पानी के साथ बहने लगी।


किशोरी को बहता देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पानी का तेज बहाव उसे गंगा के पानी के डायवर्जन के लिए बनाए गए रपटे की ओर ले गया।


बताया जा रहा है कि रपटे में लगे कंक्रीट के आरसीसी ड्रेनेज पाइप के अंदर किशोरी चली गई। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और बचाव दल को दी गई।

सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और किशोरी की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू किया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के गंगा क्षेत्र में लगातार खोजबीन की।



बुधवार देर रात तक बचाव दल किशोरी की तलाश करता रहा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। अंधेरा होने और परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद टीमों ने संभावित स्थानों पर तलाश की।

गुरुवार सुबह एक बार फिर एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमों ने सर्च अभियान शुरू किया। गंगा के बहाव और आसपास के क्षेत्रों में किशोरी की तलाश की गई, लेकिन गुरुवार शाम तक उसका पता नहीं चल सका।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें किशोरी की तलाश में जुटी हुई हैं। हादसे के बाद परिजन परेशान हैं और घटनास्थल पर भी चिंता का माहौल बना हुआ है। बचाव दल की ओर से संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

