
स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में 19 और 20 सितंबर 2026 को दो दिवसीय दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 2,701 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। संस्थान ने आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।

आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने प्रेस वार्ता में बताया कि दीक्षांत समारोह के पहले दिन 19 सितंबर को स्नातक विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत कुमार डोभाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर दीक्षांत संबोधन देंगे।


पहले दिन के समारोह में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ एवं सैन्य मामलों के विभाग के सचिव जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनकी मौजूदगी में स्नातक विद्यार्थियों को डिग्रियां और विभिन्न शैक्षणिक सम्मान प्रदान किए जाएंगे।


समारोह के दूसरे दिन 20 सितंबर को स्नातकोत्तर और पीएचडी विद्यार्थियों के लिए दीक्षांत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपाधियां प्रदान कर उनके शोध और शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा।


दूसरे दिन हीरो मोटोकॉर्प के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं ऑयलमैक्स एनर्जी के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक डॉ. कपिल गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

दोनों दिन आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता आईआईटी रुड़की के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष एवं पूर्व सॉलिसिटर जनरल हरीश साल्वे करेंगे। संस्थान के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत सहित वरिष्ठ अधिकारी भी समारोह में उपस्थित रहेंगे।



निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, नवाचार और राष्ट्र सेवा की भावना का उत्सव है। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से देश और समाज के विकास में योगदान दे रहे हैं।

उप निदेशक प्रो. प्रवीण कुमार और डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. नवीन कुमार नवानी ने भी डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के परिजनों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आईआईटी रुड़की प्रशासन के अनुसार दो दिवसीय दीक्षांत समारोह में कुल 2,701 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। संस्थान ने समारोह के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं और अब 19 सितंबर को पहले दिन के कार्यक्रम के साथ दीक्षांत समारोह की शुरुआत होगी।

