मसूरी घूमने आए पर्यटकों की स्कॉर्पियो खाई में गिरी, पांचों को सकुशल निकाला

मसूरी घूमने आए पर्यटकों की स्कॉर्पियो खाई में गिरी, पांचों को सकुशल निकाला

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी-देहरादून मार्ग पर गज्जी बैंड के समीप मसूरी घूमने आए पर्यटकों का वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर चला गया और खाई की ओर जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने मसूरी पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद कोतवाली मसूरी पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गज्जी बैंड के समीप स्कॉर्पियो एन वाहन संख्या UP14GH-0248 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर चला गया। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने में मदद की।

सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस एवं फायर सर्विस टीम घटनास्थल पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू किए गए सभी पांचों लोगों को तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से उप जिला चिकित्सालय, मसूरी भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

वाहन में सवार लोगों की पहचान उज्जवल त्यागी (19), पुत्र ओम त्यागी, निवासी रुहाना, मुजफ्फरनगर, चिराग त्यागी, पुत्र शिव कुमार त्यागी, निवासी रुहाना, मुजफ्फरनगर, तथा अभिषेक त्यागी, पुत्र ओम राज त्यागी, निवासी रुहाना, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।

इसके अलावा वाहन में यश त्यागी (20), पुत्र अमित त्यागी, निवासी रुहाना, मुजफ्फरनगर और हनी त्यागी (20), पुत्र संजीव त्यागी, निवासी रुहाना, मुजफ्फरनगर भी सवार थे। हादसे की जानकारी पुलिस द्वारा सभी के परिजनों को दे दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं फायर सर्विस की टीम ने मौके पर आवश्यक राहत एवं बचाव कार्यवाही पूरी की। हादसा किस कारण से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद मसूरी-देहरादून मार्ग पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया। समय रहते रेस्क्यू अभियान शुरू होने से वाहन में सवार पांचों पर्यटकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।