बद्रीनाथ धाम के तप्त कुंड में हादसा, स्नान के दौरान दो बुजुर्ग महिला यात्रियों की मौत

बद्रीनाथ धाम के तप्त कुंड में हादसा, स्नान के दौरान दो बुजुर्ग महिला यात्रियों की मौत

स्थान : बद्रीनाथ
ब्यूरो रिपोर्ट

बद्रीनाथ धाम में शुक्रवार सुबह एक दुखद हादसा हो गया। तप्त कुंड में स्नान के दौरान दो बुजुर्ग महिला यात्रियों की मौत हो गई। घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।

मृतक महिलाओं की पहचान 63 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी मदन और 71 वर्षीय रामू देवी पत्नी अमर के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं राजस्थान की रहने वाली बताई गई हैं।

पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब पांच बजे की है। दोनों महिला यात्री बद्रीनाथ धाम स्थित तप्त कुंड में स्नान करने के लिए पहुंची थीं।

बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान दोनों महिलाएं अचानक कुंड के अंदर बेहोश हो गईं। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर आसपास मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और मंदिर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। दोनों महिलाओं को तत्काल कुंड से बाहर निकालकर बचाने का प्रयास किया गया।

हालांकि दोनों महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई थी। मौके पर किए गए प्रयासों के बावजूद दोनों को बचाया नहीं जा सका और उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी में अधिक उम्र के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि आगे की जांच और चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दिए जाने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

इस हादसे के बाद बद्रीनाथ धाम में तप्त कुंड में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं, खासकर बुजुर्ग यात्रियों से स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की आवश्यकता एक बार फिर सामने आई है।