
स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे


राजराजेश्वरी मां नन्दा जात यात्रा में देव डोलियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था और भक्ति के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। दुर्गम पहाड़ी रास्तों से गुजर रही यात्रा में पुलिस और SDRF के जवान भी श्रद्धालुओं के साथ कदम से कदम मिलाकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।


यात्रा मार्ग में कठिन चढ़ाइयों, गधेरों, संकरी पगडंडियों और जोखिमपूर्ण पहाड़ी रास्तों के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल लगातार तैनात है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।



पुलिसकर्मी देव डोलियों के साथ पैदल चलते हुए यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। पहाड़ी ढलानों, गधेरों और फिसलन भरे रास्तों पर जवानों को मुस्तैद रखा गया है।



वहीं SDRF के जवान भी यात्रा मार्ग पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए बचाव उपकरणों के साथ जवानों को प्रमुख पड़ावों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है।



देव डोलियों और श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम वाले पड़ावों पर भी पर्याप्त पुलिस बल और SDRF की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ यात्रा को निर्बाध रूप से आगे बढ़ाना है।

यात्रा मार्ग पर भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिस लगातार सक्रिय है। अधिक भीड़ वाले स्थानों पर श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने की व्यवस्था की जा रही है।



दुर्गम पगडंडियों, नदी-नालों और संकरे रास्तों से लगातार पैदल यात्रा करने के बावजूद पुलिस और SDRF के जवान ड्यूटी पर डटे हुए हैं। यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।


पुलिस प्रशासन का कहना है कि मां नन्दा की पावन जात यात्रा में श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा गया है। देव डोलियों के साथ चल रहे जवानों का प्रयास यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण बनाए रखना है।
यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 10 सितंबर 2026 को परगना दशोली की डोली रात्रि विश्राम के लिए पगना, परगना बधाण की डोली सूना तथा परगना बण्ड क्षेत्र की डोली किरोली पहुंचनी थी। इन पड़ाव स्थलों पर भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए पुलिस एवं SDRF की तैनाती की गई।

