
स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा


पुरानी रंजिश के चलते युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को बाजपुर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो तमंचे भी बरामद किए हैं।


पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 को बाजपुर कोतवाली में इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पुरानी रंजिश के चलते मनदीप सिंह और उसके साथियों ने वादी के भाई के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।



गोली वादी के भाई के बाएं पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 240/2026 दर्ज की थी।


मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 191(1), 191(2), 191(3), 351(3) और 352 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की।


पुलिस के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी व प्रभारी निरीक्षक के पर्यवेक्षण में अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
पुलिस ने इस मामले से जुड़े चार आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि दो नामजद आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे थे।



फरार आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय रमेश सिंह उर्फ मैसी निवासी इट्टव्वा, बन्नाखेड़ा और 29 वर्षीय संदीप सिंह उर्फ पम्मू निवासी गोबरा, दाबका पार, बन्नाखेड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देते हुए दोनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर के दो तमंचे भी बरामद किए गए।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह खड़ायत, धीरेंद्र परिहार, जगवीर सिंह और गिरीश पाटनी शामिल रहे।

