
स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखण्ड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, लक्ष्मणझूला रोड ऋषिकेश के खाताधारकों से जमा के नाम पर लिए गए 12 लाख 31 हजार 458 रुपये के कथित गबन के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है।


पुलिस के अनुसार उत्तराखण्ड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के सचिव एवं महाप्रबंधक एस.एस. राणा ने कोतवाली ऋषिकेश में मामले की शिकायत दर्ज कराई थी।



शिकायत में बताया गया कि दीपक बढ़ई बैंक की लक्ष्मणझूला रोड शाखा में दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में कार्य करता था। आरोप है कि उसने अलग-अलग तिथियों में खाताधारकों से बैंक में जमा कराने के लिए रुपये लिए थे।



बैंक प्रबंधन की शिकायत के मुताबिक आरोपी ने खाताधारकों से कुल 12 लाख 31 हजार 458 रुपये एकत्र किए, लेकिन उक्त रकम बैंक में जमा नहीं कराई गई।


मामला सामने आने के बाद कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रथम और अपर पुलिस क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।



पुलिस टीम ने मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी एकत्र की। इसके बाद पुलिस को आरोपी के विकासनगर क्षेत्र में होने की सूचना मिली।


पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 29 वर्षीय दीपक बढ़ई पुत्र उमेश बढ़ई, निवासी गोपेश्वर मंदिर मार्ग, गली नंबर 11/7, चंद्रेश्वर नगर ऋषिकेश को उदयबाग, विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। खाताधारकों से ली गई रकम और पूरे प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

