फूलों की घाटी में रिकॉर्ड 28,409 सैलानी पहुंचे, पार्क प्रशासन को 53.62 लाख की आय

फूलों की घाटी में रिकॉर्ड 28,409 सैलानी पहुंचे, पार्क प्रशासन को 53.62 लाख की आय

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के चमोली जनपद की उच्च हिमालयी भ्यूंडार घाटी में स्थित विश्व धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान में इस सीजन पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद दर्ज की गई है। 9 सितंबर 2026 तक घाटी में कुल 28 हजार 409 सैलानी पहुंच चुके हैं।

पार्क प्रशासन के अनुसार इस बार पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली है। सितंबर माह के पहले सप्ताह में भी बड़ी संख्या में प्रकृति प्रेमी और पर्यटक घाटी की खूबसूरती का दीदार करने पहुंच रहे हैं।

फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान के प्रवेश द्वार एक जून को पर्यटकों के लिए खोले गए थे। अब तक यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच चुके हैं, जबकि घाटी 31 अक्टूबर तक पर्यटकों के लिए खुली रहेगी।

पार्क के रेंज ऑफिसर आशीष जिरवाण ने बताया कि 9 सितंबर तक कुल 28,409 पर्यटकों की आमद दर्ज की गई है। इनमें 206 विदेशी सैलानी भी शामिल हैं।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या से पार्क प्रशासन को राजस्व का भी लाभ हुआ है। प्रवेश शुल्क के रूप में अब तक करीब 53 लाख 62 हजार 150 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

सितंबर माह में मौसम खुशनुमा होने के कारण पर्यटक घाटी की प्राकृतिक सुंदरता का भरपूर आनंद ले रहे हैं। हरियाली, पहाड़ों और बदलते मौसम के बीच घाटी का नजारा सैलानियों को आकर्षित कर रहा है।

पर्यटक पुष्पावती नदी की खूबसूरती के साथ ही टिपरा ग्लेशियर, रतवन पीक और गौरी पीक के आकर्षक नजारे देखकर खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं।

इसके अलावा भ्यूंडार पास और कुंठ खाल सहित आसपास की हिमालयी चोटियां भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण के कारण यहां आने वाले सैलानियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

पार्क प्रशासन को उम्मीद है कि मौसम अनुकूल रहा तो 31 अक्टूबर तक पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है। रिकॉर्ड पर्यटक संख्या से जहां स्थानीय पर्यटन कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं फूलों की घाटी की लोकप्रियता भी लगातार बढ़ती नजर आ रही है।