
स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट


कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के दिनी तल्ली, दिनी मल्ली, चौरलेख, सुंदरखाल और पहाड़पानी समेत विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों, मकानों, पेयजल लाइनों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति देखी।


निरीक्षण के दौरान मंत्री कैड़ा ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बारिश और आपदा से मकानों, रास्तों तथा अन्य परिसंपत्तियों को हुए नुकसान की जानकारी मंत्री को दी और जल्द राहत उपलब्ध कराने की मांग की।




मंत्री ने प्रभावित लोगों को आश्वासन दिया कि सरकार आपदा की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।


मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित लोगों तक समय से सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।



उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। राजस्व, लोक निर्माण, पेयजल, विद्युत समेत संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि आवश्यक सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।

मंत्री कैड़ा ने बताया कि आपदा के कारण कई ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि कई अन्य मकानों पर खतरा बना हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित मकानों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का प्राथमिकता से आकलन करने के निर्देश दिए।




उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन पूरा कर नियमानुसार प्रभावित परिवारों को मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। जिन स्थानों पर मकानों अथवा आबादी को भविष्य में भी खतरा बना हुआ है, वहां सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।


मंत्री ने क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और आवश्यक सेवाओं को सामान्य करना प्राथमिकता में रखा जाए, जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही मंत्री कैड़ा ने संवेदनशील स्थानों पर आपदा मद से आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराने और भविष्य की परिस्थितियों को देखते हुए सभी जरूरी तैयारियां रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

