भीमताल-ढूंगशील मोटर मार्ग के सुधारीकरण को 72.36 लाख रुपये मंजूर

भीमताल-ढूंगशील मोटर मार्ग के सुधारीकरण को 72.36 लाख रुपये मंजूर

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

भीमताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल ब्लॉक में लंबे समय से खराब पड़े भीमताल से ढूंगशील मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने मोटर मार्ग के लिए 72 लाख 36 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत कर शासनादेश जारी कर दिया है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

भीमताल से ढूंगशील को जोड़ने वाला मोटर मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दौरान ग्रामीणों की दिक्कतें और बढ़ जाती थीं।

ग्रामीणों ने मोटर मार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा से मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की थी। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की खराब हालत के कारण रोजमर्रा के कामों के साथ ही किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में भी परेशानी होती थी।

जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। विभागीय स्तर पर प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद अब शासन से धनराशि स्वीकृत हो गई है।

मंत्री कैड़ा के अनुसार भीमताल से ढूंगशील मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए 72 लाख 36 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। शासन की ओर से इसके लिए शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। इससे मार्ग की स्थिति में सुधार होने के साथ ही क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की संभावना है।

मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग के निर्माण कार्य से संबंधित टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद मोटर मार्ग पर डामरीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि लोगों को जल्द से जल्द सुविधा मिल सके।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए और लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें स्थानीय लोगों के साथ-साथ किसानों और पर्यटन गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। सड़कें बेहतर होने से जहां ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी, वहीं किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने और पर्यटकों को विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचने में भी आसानी होगी।

मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर क्षेत्र की जनता ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया। मंत्री कैड़ा ने कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने मार्ग के लिए धनराशि स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री का भी आभार व्यक्त किया।