स्थान : चम्पावत
ब्यूरो रिपोर्ट


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सीमांत जनपद चम्पावत को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। जिला चिकित्सालय चम्पावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का मुख्यमंत्री ने देहरादून से वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की ओर से दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने जिला चिकित्सालय में दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर यूनिट का उद्घाटन किया।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चम्पावत उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि है और यहां की जनता उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि जनपद के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए यह ऐतिहासिक अवसर है। कुमाऊं मंडल में पिथौरागढ़ और रुद्रपुर के बाद चम्पावत जिला अस्पताल में इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक रक्त घटक उपलब्ध हो सकेंगे।



मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के संचालन से दुर्घटना, प्रसव, सर्जरी, गंभीर बीमारी, अत्यधिक रक्तस्राव और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर जीवनरक्षक रक्त घटक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे दूसरे बड़े चिकित्सा केंद्रों पर निर्भरता कम होगी और आपातकालीन उपचार में महत्वपूर्ण समय की बचत होगी।

इस यूनिट के माध्यम से दान किए गए रक्त को उसके प्रमुख घटकों पैक्ड रेड ब्लड सेल्स, प्लाज्मा और प्लेटलेट्स में अलग किया जा सकेगा। मरीज की बीमारी और चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार संबंधित रक्त घटक उपलब्ध कराया जाएगा। इससे रक्त का वैज्ञानिक एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होगा और एक यूनिट रक्त से अलग-अलग जरूरतमंद मरीजों को लाभ पहुंचाया जा सकेगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक, सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं। इसके साथ ही डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी जारी है।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार ने चम्पावत को आदर्श जिला बनाने का संकल्प लिया है। आधुनिक पार्किंग, सिटी ड्रेनेज सिस्टम, भूमिगत विद्युत लाइन, बेहतर पेयजल व्यवस्था, साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी परियोजनाएं जनपद के विकास को नई दिशा दे रही हैं।



मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका संकल्प है कि चम्पावत विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में पूरे उत्तराखंड के लिए आदर्श मॉडल बने। ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के शुरू होने से सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को विशेष राहत मिलेगी तथा आवश्यक रक्त घटकों के लिए अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर किए जाने की जरूरत कम होगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने यूनिट को जनपद में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से चिकित्सकों को दुर्घटनाओं, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, सर्जरी और गंभीर रोगियों के उपचार में रक्त एवं रक्त घटकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

कैबिनेट मंत्री चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सुबोध उनियाल ने ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की शुरुआत को चम्पावत के लिए बड़ी उपलब्धि बताया और जिलेवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ‘रक्तदान-जीवनदान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है, ताकि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त एवं रक्त घटकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

