स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट


रामनगर के गर्जिया क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय बाघ ने आबादी से सटे इलाके में दिनदहाड़े घोड़े का शिकार कर दिया। घटना झूला पुल चौराहे के समीप पूर्व में बनाए गए गर्जिया पर्यटन जोन के गेट के पास की बताई जा रही है। आबादी के बेहद करीब बाघ की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे नेशनल हाईवे-309 से सटे झूला पुल चौराहे के पास बाघ ने एक घोड़े पर हमला कर दिया। बाघ ने घोड़े को गर्दन से दबोच लिया और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर बाघ ने घोड़े का शिकार किया, वह आबादी के बिल्कुल करीब है। यहां स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों की भी दिनभर आवाजाही रहती है। ऐसे में बाघ के आबादी के नजदीक आकर शिकार करने की घटना ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बाघ की गतिविधि देखी और इसकी सूचना वन विभाग को दी। बाघ के आबादी के करीब होने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई। वनकर्मी बाघ की गतिविधियों और उसकी संभावित लोकेशन पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

रामनगर वन प्रभाग के रेंज अधिकारी कृष्णा सिंह मेहरा ने बताया कि क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है। वन विभाग की टीमें बाघ की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही हैं और उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।


वन विभाग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने लोगों को जंगल और उसके आसपास के क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है। खास तौर पर लोगों से झूला पुल की तरफ न जाने की अपील की गई है।



वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बाघ की मौजूदगी को देखते हुए लोगों को किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। अकेले जंगल की ओर जाने या बाघ की गतिविधियों को देखने के लिए मौके पर जुटने से बचने की सलाह दी गई है।
दिनदहाड़े आबादी के करीब बाघ द्वारा घोड़े का शिकार किए जाने के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार पर्यटकों और ग्रामीणों की आवाजाही रहती है, इसलिए वन विभाग को यहां निगरानी और गश्त और अधिक बढ़ानी चाहिए।

फिलहाल वन विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही हैं और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। आबादी के बेहद करीब बाघ की मौजूदगी को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। वहीं, स्थानीय लोगों ने वन विभाग से बाघ की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है।

